*चरित्र शंका पर युवक ने अपनी नव विवाहिता पत्नी की गला घोंटकर हत्या*

बिलासपुर। चरित्र शंका पर युवक ने अपनी नव विवाहिता पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी है। घटना को अंजाम देने के बाद थाना पहुंचकर अपने आपको सरेंडर कर दिया। लगभग 6 महीना पहले ही दोनो ने लव मैरिज किया था। मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्जकर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेलर निवासी करण सूर्यवंशी (24) ने 6 महीने पहले नजदीक के ग्राम रमतला की रितिका (21) से लव मैरिज शादी किया था। शादी के कुछ दिनों के बाद से ही करण अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था। उसे शक था कि पड़ोसी युवक के साथ उसके अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था और वह अपनी पत्नी की पिटाई कर उसे प्रताड़ित करता था।
रविवार की रात में आरोपी भी पत्नी रितिका से उसका विवाद हुआ था। इसके चलते दोनों रात भर सोए नहीं और आपस में झगड़ा करते रहे। इस दौरान उनके बीच विवाद इतना बढ़ा कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद रात में उसने लाश को कमरे में ही छिपा दिया। सोमवार को उसने इस घटना की जानकारी अपने पिता को दी और फिर खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि पत्नी की चरित्र पर शक था, उस पर रोज नजर रखता था। अब रोज-रोज कितना नजर रखता, इसलिए मारना ही ठीक समझा। अब पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक के ससुरालवालों ने पुलिस को बताया कि वह शादी के पहले से ही उसकी चरित्र पर वह शक करता था। इसके चलते दोनो के बीच ब्रेकअप हो गया था। फिर बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। शादी होने के बाद भी उनकी बेटी ससुराल में खुश नहीं थी। आरोपी करण सूर्यवंशी आए दिन मारपीट करता था। इस बीच वह दो बार उसे मायके में छोड़ दिया था। फिर बाद में ससुराल लेकर आ गया। उन्हें पता होता कि आरोपी उनकी बेटी को मार देगा, तो उसे ससुराल ही नहीं भेजते।
00 रात भर नही सोया युवक
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी युवक पहले उसकी लाश को जमीन में रखकर बिस्तर में सोने की कोशिश की, लेकिन डर के कारण वह सो नहीं पाया। तब उसने शव को कमरे में छिपा दिया और सोने के लिए किचन में चला गया। लेकिन वहां भी उसे नींद नहीं आई तो पूरे समय कुर्सी में बैठे रहा। सुबह उसने अपने पिता को पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। फिर सुबह करीब 11 बजे थाने पहुंचकर पत्नी की हत्या करने की बात कही।

