नड्डा के मनोनयन से सामने आया भाजपा का छद्म लोकतंत्र: मो. असलम

नड्डा के मनोनयन से सामने आया भाजपा का छद्म लोकतंत्र: मो. असलम
छग
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाकर एक बार फिर लोकतंत्रीय परंपरा का अनादर किया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेता कांग्रेस में लोकतंत्र नहीं होने की बात कहकर हमेशा आलोचना करते रहते थे। कांग्रेस ने तो अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का बाकायदा चुनाव करवाया जबकि भाजपा ने बगैर चुनाव कराए अपने अध्यक्ष को फिर से एक साल के लिए मनोनित कर दिया। इससे पार्टी के भीतर लोकतंत्र होने की उसके नेताओं का दावा खोखला साबित हो गया। कांग्रेस प्रवक्ता ने गृहमंत्री अमित शाह के पार्टी की परंपरा एवं अध्यक्षी कार्यकाल में 70 चुनाव जीतने का हवाला देकर मनोनयन को सही ठहराने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सत्य तो यह है कि भाजपा में चंद शीर्ष नेताओं के फैसले ही सब कुछ होता है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की कोई अहमियत नहीं होती उन्हें शीर्ष नेताओं के फैसले को हाथ उठाकर स्वीकार करना होता है।

